बगहा। पुलिस जिला बगहा में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर सोमवार को जिला स्तरीय मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल की अध्यक्षता में पुलिस सभागार में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में मई-2026 माह के दौरान जिले में हुई पुलिस कार्रवाई, उपलब्धियों और चुनौतियों की विस्तार से समीक्षा की गई।।बैठक में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। एसपी ने अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे सतर्क रहने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान लंबित कांडों के समयबद्ध निष्पादन, नियमित गश्ती व्यवस्था, सघन वाहन जांच अभियान, निरोधात्मक कार्रवाई तथा पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों के शीघ्र निपटारे पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि आम लोगों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी थानों को तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करना होगा। बैठक में अवैध बालू खनन और उसके परिवहन को गंभीर समस्या बताते हुए एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाने, सीसीटीएनएस प्रणाली को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा मद्यनिषेध अभियान के तहत शराब कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखने को कहा गया।

मई-2026 के दौरान बगहा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए कुल 231 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें विभिन्न कांडों में वांछित अपराधियों के साथ-साथ न्यायालय से जारी वारंट वाले आरोपी भी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। मद्यनिषेध अभियान के तहत जिले के विभिन्न इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 1176.86 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की। लगातार कार्रवाई के कारण शराब तस्करों और अवैध कारोबारियों पर दबाव बढ़ा है। वहीं सड़क सुरक्षा और अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों से 16 लाख 96 हजार 700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। न्यायालयी आदेशों के अनुपालन में पुलिस ने 158 बेलेबल वारंट (BW) और 330 नॉन-बेलेबल वारंट (NBW) का निष्पादन किया। इसके अलावा फरार अपराधियों के खिलाफ 79 मामलों में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई, जिससे कानून से बचने की कोशिश कर रहे अपराधियों पर प्रभावी दबाव बनाया जा सका। बैठक के अंत में एसपी रामानंद कौशल ने सभी अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज करने, जनता से बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पुलिसिंग को और अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।


















