बेतिया के सेवानिवृत्त जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय के ठकराहा आगमन पर पंचायत सरकार भवन परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया।
.... पूर्व डीएम दिनेश राय ने अपने कार्यकाल में योजनाओं को पूर्ण होता देख मुखकुराए
पूर्व डीएम ने पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अपने कार्यकाल में स्थापित पुस्तकालय का भी अवलोकन किया। पुस्तकालय में विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अध्ययन करते देख उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय बताते हुए उन्होंने ठकराहा पंचायत की मुखिया एवं मुखिया पति बीरेंद्र तिवारी की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पद जनसेवा का माध्यम है और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा तथा बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। स्थानीय लोगों ने भी उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को याद करते हुए कहा कि कई योजनाएं आज भी क्षेत्र के लोगों के लिए लाभकारी साबित हो रही हैं।
इस अवसर पर बीडीओ आर.के. राघव, सीओ सुमित राज, बीपीआरओ, समाजसेवी कृष्ण मुरारी तिवारी, रमेश कुशवाहा, निजामुद्दीन अली, जितेंद्र मिश्र, सुरेंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।













