मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती का वीडीओ

बगहा। पश्चिमी चंपारण के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत चौतरवा थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवती लक्ष्मीपुर गांव के समीप स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और किसी अनहोनी की आशंका से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती टावर पर काफी ऊंचाई तक पहुंच गई थी। उसे ऊपर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोग पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना चौतरवा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया।

करीब एक घंटे तक पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने धैर्यपूर्वक युवती से बातचीत की। लगातार समझाइश और आश्वासन के बाद आखिरकार युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। उसके सुरक्षित नीचे उतरते ही लोगों ने राहत की सांस ली। समय रहते पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

युवती की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। शुरुआत में घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा था। बाद में बगहा के एसडीपीओ निहार भूषण ने पूरे मामले की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि युवती मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और उसने चौतरवा क्षेत्र के एक युवक से प्रेम विवाह किया था। हालांकि किसी कारणवश दोनों के संबंधों में दूरी आ गई थी। एसडीपीओ के अनुसार प्रियंका अपने पति से मिलने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश से चौतरवा पहुंची थी। लेकिन उसका पति फिलहाल रोजी-रोटी कमाने के लिए दूसरे प्रदेश में गया हुआ है। पति से मुलाकात नहीं होने और उससे संपर्क नहीं हो पाने के कारण युवती भावनात्मक रूप से परेशान हो गई। इसी नाराजगी और हताशा में उसने मोबाइल टावर पर चढ़ने जैसा कदम उठा लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। मौके पर पहुंची टीम ने युवती को शांत कराया और पूरी सावधानी के साथ नीचे उतारा। फिलहाल पुलिस युवती से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा होती रही। गौरतलब है कि पश्चिमी चंपारण जिले में हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है। कई मामलों में युवतियां अपने प्रेमी से मिलने या विवाह की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ जाती हैं, जिससे प्रशासन और पुलिस के सामने चुनौतीपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो जाती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि स्थानीय प्रशासन ने लोगों से किसी भी परिस्थिति में ऐसा जोखिम भरा कदम नहीं उठाने की अपील की है।









