ज्ञान बिन्दु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर मंगलवार को अरवल शहर में आक्रोश मार्च निकाला गया। रेल आंदोलन के सूत्रधार एवं अरवल विकास मंच के अध्यक्ष मनोज सिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

आक्रोश मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रिंस यादव की मौत की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। लोगों का कहना था कि रौशन सर के भाई प्रिंस यादव की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराना आवश्यक है।

मार्च को संबोधित करते हुए मनोज सिंह यादव ने कहा कि प्रिंस यादव की मौत की जांच सीबीआई अथवा किसी अन्य स्वतंत्र एजेंसी से कराई जानी चाहिए, ताकि घटना के सभी पहलुओं का खुलासा हो सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से ही जनता का भरोसा कायम रहेगा।
आक्रोश मार्च के बाद बिहार सरकार और बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को फैक्स के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।














