बगहा। पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र के मगुरहा टोला कोलाची गांव के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक की पहचान मगुरहा टोला कोलाची गांव निवासी छोटेलाल राम के 29 वर्षीय पुत्र प्रदीप राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गांव के समीप सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। प्रदीप राम निर्माण कार्य को देखने के लिए कौलाची स्कूल के पास गए हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसका भारी हिस्सा प्रदीप के सीने पर जा गिरा।

हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक के भाई चंदन राम ने बताया कि प्रदीप राम की जिंदगी पहले से ही संघर्षों से भरी रही थी। उनकी पहली पत्नी का निधन हो चुका था, जिसके बाद करीब दो माह पूर्व ही उन्होंने दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उनका सात माह का एक मासूम पुत्र है। बच्चे की देखभाल और परिवार को संभालने के उद्देश्य से ही दूसरी शादी की गई थी। लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां फिर से छीन लीं। अब मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया भी उठ गया है।

घटना की खबर मिलते ही रामनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।
रामनगर प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना लाया गया है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

थानाध्यक्ष ने कहा कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।














