जन सुराज पार्टी के जिला युवा अध्यक्ष रवि प्रकाश उर्फ नीतीश कुमार सिंह ने मंगलवार को अपने पैतृक गांव सहादरपुर स्थित आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में रोजगार, पलायन, किसानों की समस्याओं और बांकीपुर उपचुनाव को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनावी वादों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर है, जिससे युवा, किसान और महिलाएं खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक करोड़ रोजगार देने के वादे के बावजूद बिहार से युवाओं का पलायन लगातार जारी है और रोजगार के अभाव में बड़ी संख्या में युवक दूसरे राज्यों में काम करने को मजबूर हैं। वहीं प्रतियोगी परीक्षार्थियों और छात्रों से किए गए वादे भी अधूरे हैं। जीविका समूह की महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणाएं भी धरातल पर नहीं उतर सकी हैं। किसानों को हर वर्ष यूरिया खाद संकट का सामना करना पड़ता है, लेकिन सरकार स्थायी समाधान देने में विफल रही है।
बांकीपुर उपचुनाव पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि एनडीए सरकार के वादों पर जनमत संग्रह है। जनता रोजगार, शिक्षा, पलायन रोकने और भ्रष्टाचार खत्म करने जैसे अधूरे वादों पर अपना फैसला देगी। उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। साथ ही बताया कि 20 जून से प्रशांत किशोर के नेतृत्व में “बिहार नवनिर्माण अभियान” नए चरण में प्रवेश करेगा और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा।













