बगहा से जहां दहेज के 5 हजार रुपये को लेकर तिलक समारोह में बवाल, लड़की पक्ष के लोगों को बंधक बनाकर की मारपीट
बगहा। पश्चिम चंपारण जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र के मझौवा गांव में तिलक समारोह के दौरान दहेज की राशि को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि लड़की पक्ष के लोगों को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट की गई। घटना में लड़की के भाई का हाथ टूट गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया। दोनों का इलाज बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के बंचहरी तेलिया टोला निवासी सुरेंद्र मिश्र ने अपनी पुत्री की शादी मझौवा निवासी राजन पांडेय के पुत्र सचिन पांडेय से तय की थी। दोनों पक्षों के बीच तिलक में तीन लाख पांच हजार रुपये नकद और एक पल्सर बाइक देने की बात हुई थी। सोमवार की शाम लड़की पक्ष के लोग तिलक का सामान लेकर लड़के के घर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान लड़के के पिता ने पांच हजार रुपये बकाया होने की बात कहकर तिलक का सामान उतारने से इंकार कर दिया। बाद में स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों के समझाने-बुझाने पर तिलक की रस्म पूरी कराई गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि भोजन के बाद लड़की पक्ष के पांच लोगों को रोक लिया गया और बकाया पांच हजार रुपये की मांग को लेकर उनके साथ मारपीट की गई। मारपीट के दौरान लड़की के भाई मणिइंद्र कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हाथ टूट गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें उठाकर पास के नाले में फेंक दिया तथा दबाकर जान लेने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उनकी जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए लोगों को मुक्त कराया। पीड़ित सुरेंद्र मिश्र ने बताया कि घायलों के इलाज के बाद चौतरवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। इधर, घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।














