पश्चिमी चंपारण। जिले के सुदूरवर्ती एवं सीमावर्ती क्षेत्र नौरंगिया दोन के समग्र विकास को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने नौरंगिया दोन क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। दौरे के दौरान पंचायत सरकार भवन में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक में ग्रामीणों ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों, पुल-पुलियों के अभाव, बिजली आपूर्ति की समस्या, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि कई गांवों में अब भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे लोगों को दैनिक जीवन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार एएनएम की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं, ग्रामीण कार्य विभाग को क्षेत्र में आवश्यक सड़कों एवं पुल-पुलियों के निर्माण के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ऑनग्रिड बिजली उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के समाधान के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि नौरंगिया दोन क्षेत्र के विकास के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा भी की जाएगी। इस अवसर पर सिविल सर्जन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। डीएम के दौरे से क्षेत्र के लोगों में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है।











