मुख्य सड़क पर प्रदर्शन करते हुए..
लौरिया (पश्चिम चंपारण)। भरत भूषण तिवारी के कथित फेक एनकाउंटर मामले को लेकर रविवार की शाम लौरिया में जन सुराज कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने संयुक्त रूप से कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग उठाई। जिला सचिव अजय ठाकुर के नेतृत्व में निकला यह मार्च ब्लॉक चौक से शुरू होकर प्रभु चौक तक पहुंचा। मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर घटना के प्रति गहरी संवेदना और आक्रोश व्यक्त किया।
हाथों में मोमबत्तियां, बैनर और पोस्टर लिए लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से मार्च करते हुए मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी संदिग्ध घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस अवसर पर जन सुराज के जिला सचिव अजय ठाकुर ने केंद्र सरकार और बिहार सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भरत भूषण तिवारी को शहीद का दर्जा दिया जाए तथा उनके परिजनों को सम्मानजनक आर्थिक सहायता और सरकारी संरक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी पीड़ित परिवार की पीड़ा को और बढ़ाती है, इसलिए सरकार अविलंब कार्रवाई कर सच्चाई को सामने लाए और परिवार को न्याय सुनिश्चित करे।
कैंडल मार्च में उज्ज्वल, पिंटू, चंदन, अनमोल, नीतीश, बिमोहन कुमार, रमेश यादव, मुनीब, अरविंद तिवारी, जयसिंधु पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जन सुराज के कार्यकर्ता मौजूद रहे।













