
पश्चिम चंपारण बगहा से नरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट...
बगहा पुलिस जिला के पटखौली थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल एक होटल संचालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान पटखौली निवासी 55 वर्षीय ईश्वरी प्रसाद के रूप में हुई है, जो मलकोली चौक पर होटल का संचालन करते थे।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे गोह गजराज भवन के समीप सड़क किनारे जा रहे ईश्वरी प्रसाद को सामने से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बीती रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि सड़क पर अचानक एक छोटा बच्चा दौड़कर आ जाता है। बच्चे को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक वाहन को पूरी तरह दाहिनी ओर मोड़ देता है, जिसकी चपेट में ईश्वरी प्रसाद आ जाते हैं। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो जाता है।
मामले में पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक ईश्वरी प्रसाद अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। एक पुत्र का विवाह हो चुका है, जबकि एक पुत्र और एक पुत्री अविवाहित हैं। परिवार के मुखिया की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।











