बगहा नगर परिषद निवासी प्रदीप गुप्ता की पुत्री निशा कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर एक और बड़ी सफलता हासिल की है। वर्तमान में बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) के पद पर कार्यरत निशा कुमारी का चयन 70वीं बीपीएससी परीक्षा के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पद के लिए हुआ है।
इस उपलब्धि पर बगहा विधायक Ram Singh ने उनके आवास पहुंचकर निशा कुमारी को मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प के बल पर समाज और देश का नाम रोशन कर रही हैं। निशा की सफलता क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

विधायक ने निशा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस दौरान उन्होंने प्रदीप गुप्ता एवं उनके परिवार के सदस्यों को भी बधाई दी और खुशियां साझा कीं।
मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह, जिला उपाध्यक्ष रितु जायसवाल, अमरेश श्रीवास्तव, विजय गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने निशा कुमारी को भविष्य की नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।












