334 चयनित अभ्यर्थियों की हो रही शारीरिक जांच, पारदर्शी और व्यवस्थित भर्ती प्रक्रिया को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क

बगहा।बिहार पुलिस में सिपाही पद पर नियुक्ति हेतु चयनित अभ्यर्थियों के शारीरिक माप-तौल एवं जांच की प्रक्रिया रविवार से बगहा पुलिस केंद्र में प्रारंभ कर दी गई है। भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।पुलिस जिला बगहा के अनुसार दिनांक 21 जून 2026 से शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत बगहा जिले के लिए कुल 334 चयनित अभ्यर्थियों का शारीरिक माप-तौल एवं आवश्यक जांच की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया के सफल संचालन और नवचयनित सिपाहियों के योगदान (ज्वाइनिंग) को सुचारू बनाने के लिए पुलिस केंद्र में विशेष प्रबंध किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भर्ती स्थल पर सुरक्षा, अभिलेख सत्यापन, अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को समय पर उपस्थित होकर प्रक्रिया में भाग लेने का निर्देश दिया गया है।अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी को अपने साथ मूल प्रमाण-पत्र, प्रवेश पत्र तथा वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों को भर्ती के दौरान अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।पुलिस जिला बगहा ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय का पालन करते हुए भर्ती प्रक्रिया में शामिल हों, ताकि संपूर्ण कार्यवाही शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।भर्ती प्रक्रिया के दौरान पुलिस अधिकारियों की सक्रिय निगरानी में अभ्यर्थियों का माप-तौल और दस्तावेज सत्यापन कार्य लगातार जारी है। इससे चयनित युवाओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है तथा बिहार पुलिस में सेवा देने के उनके सपने को नई दिशा मिल रही है।












