बगहा। पश्चिम चंपारण के बगहा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। एक मासूम बच्चे को बचाने की कोशिश में ट्रक चालक ने वाहन की दिशा तो बदल दी, लेकिन इस प्रयास में सड़क किनारे जा रहे एक होटल संचालक उसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल होटल संचालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और हादसे की भयावहता को बयां कर रहा है। मृतक की पहचान पटखौली थाना क्षेत्र के निवासी 55 वर्षीय ईश्वरी प्रसाद के रूप में हुई है। वे मलकौली चौक पर वर्षों से होटल का संचालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे वे एनएच-727 बगहा-वाल्मीकि नगर मुख्य मार्ग पर गोह गजराज भवन के समीप साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक के सामने अचानक एक छोटा बच्चा दौड़कर आ गया।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बच्चे को सामने देखकर ट्रक चालक ने उसे बचाने के लिए वाहन को तेजी से दाहिनी ओर मोड़ दिया। चालक की इस कोशिश से बच्चे की जान तो बच गई और उसे मामूली चोटें आईं, लेकिन सड़क किनारे चल रहे ईश्वरी प्रसाद ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल ईश्वरी प्रसाद को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेतिया ले जाने के बजाय सीधे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां शुक्रवार की देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ईश्वरी प्रसाद अपने परिवार के मुखिया और एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। एक पुत्र की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरा पुत्र और पुत्री अभी अविवाहित हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक की लहर है।
मामले को लेकर पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रक और चालक की पहचान की जा रही है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।











