
बगहा में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन,विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
बगहा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शनिवार को अनुमंडल मुख्यालय बगहा में धरना-प्रदर्शन एवं जन आंदोलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेश राम द्वारा राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जारी किया गया है।
जारी पत्र के अनुसार, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 20 जून 2026 को सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल के निकट अनुमंडल मुख्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा दिया।

कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में देश में नीट (NEET) परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। इसके अलावा बगहा क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को भी शामिल किया गया है।
मुख्य मांगों में नारायणी (गंडक) नदी पर प्रस्तावित शशीनगर-बेलवनिया पीपरा पुल निर्माण योजना को पुनः शुरू करने, बगहा को जिला का दर्जा देने, अनुमंडल क्षेत्र की भूमिहीन गृहविहीन महिलाओं को आवासीय पर्चा एवं पांच डिसमिल भूमि उपलब्ध कराने तथा बगहा नगर क्षेत्र में आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग शामिल है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेश राम ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।










