बगहा। उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा से सटे बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में गुरुवार को रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) चांदनी कुमारी ने की, जबकि संचालन प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. ए.के. तिवारी ने किया। बैठक में अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की व्यापक समीक्षा की गई तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान अस्पताल में मरीजों के उपचार की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, आधारभूत संसाधनों की स्थिति और मरीजों तथा उनके परिजनों के साथ अस्पताल कर्मियों के व्यवहार पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले लोगों को बेहतर एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने और व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर बल दिया गया। अध्यक्षता कर रही एसडीएम चांदनी कुमारी ने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने मरीजों से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार लाने पर जोर दिया। बैठक में अस्पताल की आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ बनाने से जुड़े कई प्रस्ताव भी सामने आए। समिति ने अस्पताल परिसर में समरसेबल की व्यवस्था को दुरुस्त करने, जल निकासी (ड्रेनेज) प्रणाली को बेहतर बनाने तथा ममता कर्मियों की पुनर्नियुक्ति की अनुशंसा की। सदस्यों का मानना था कि इन व्यवस्थाओं के बेहतर होने से अस्पताल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और मरीजों को अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

इसके अलावा अस्पताल के समग्र विकास, संसाधनों के बेहतर उपयोग, आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समिति सदस्य विजय पांडेय, पंकज झुनझुनवाला, नितिन साह, कृष्णा देवी, मोहम्मद शाहनवाज, अस्पताल प्रबंधक सहित अन्य सदस्य एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।











