
बगहा। बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की खेप पहुंचाने में जुटे हैं। पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिले में इस बार शराब तस्करों का एक अनोखा तरीका सामने आया, जहां ईंटों के नीचे विदेशी शराब छिपाकर बिहार लाने की कोशिश की गई। हालांकि उत्पाद विभाग और नौरंगिया थाना पुलिस की सतर्कता के कारण तस्करों की यह चाल नाकाम हो गई। जानकारी के अनुसार यूपी-बिहार सीमा से सटे नौरंगिया थाना क्षेत्र के बेलाहबा रोड पर उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ईंट लदे एक ट्रैक्टर को रोककर जांच की गई। शुरुआत में वाहन सामान्य दिखाई दिया, लेकिन चालक की गतिविधियों पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद जवानों ने ट्रैक्टर पर लदी ईंटों को हटाकर गहन तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान ईंटों के नीचे बेहद चालाकी से छिपाकर रखी गई 1386 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब अलग-अलग ब्रांड की बताई जा रही है। भारी मात्रा में शराब मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र निवासी आदित्य चौधरी और लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों किसी बड़े शराब तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं और लंबे समय से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय थे। प्रमोद कुमार ने बताया कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही थी। तस्करों ने जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए शराब को ईंटों के नीचे छिपा रखा था, लेकिन संयुक्त कार्रवाई के दौरान पूरे मामले का खुलासा हो गया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए सीमावर्ती इलाकों में लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है ताकि अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।













