देवीपुर रगड़गंज और कोइरी टोला को बनाया निशाना
बगहा के धनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोतहवा पंचायत के देवीपुर रगड़गंज और कोइरी टोला गांव में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने दो घरों में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घरों में रखी पेटियां और बक्से तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सुनियोजित तरीके से घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, देवीपुर रगड़गंज निवासी सुभाष यादव के घर में हाल ही में पारिवारिक कार्यक्रम होने के कारण बड़ी मात्रा में जेवरात रखे गए थे। देर रात चोर घर में दाखिल हुए और कुछ कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं, ताकि घर के लोगों को भनक न लगे। गर्मी के कारण परिवार के अधिकांश सदस्य छत पर सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने चार पेटियां और बक्से उठाकर खेत में ले जाकर तोड़ दिए।
35 लाख से अधिक के जेवरात चोरी होने का दावा
परिजनों का दावा है कि चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब 35 लाख रुपये से अधिक हो सकती है। हाल ही में परिवार में शादी होने और मायके आई महिला के जेवरात समेत अन्य महिलाओं के गहने भी घर में रखे गए थे। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।

दूसरे घर में भी हुई चोरी
इसी रात कोइरी टोला निवासी संदीप कुशवाहा के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। वहां भी पेटी तोड़कर करीब पांच थान सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए गए। एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
जांच में जुटी पुलिस, जल्द खुलासे का दावा
घटना की सूचना मिलते ही धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह और इंस्पेक्टर रमाकांत तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर चोरी गए सामान की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।




















