बगहा। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो वायरल कर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले तीन युवकों को बगहा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल भी बरामद की है। मामले का खुलासा बुधवार को पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसपी ने बताया कि 2 जून को फेसबुक पर एक युवक की पिस्टल के साथ तस्वीर तेजी से वायरल हुई थी। तस्वीर सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया और लोगों के बीच भय की स्थिति उत्पन्न होने लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डीआईयू टीम एवं चौतरवा थाना पुलिस को जांच का निर्देश दिया गया। तकनीकी अनुसंधान, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर वायरल तस्वीर में दिख रहे युवक की पहचान सोनेलाल कुमार, पिता चंदन यादव, निवासी बसवरिया, थाना चौतरवा के रूप में की गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि फोटो में दिखाई गई पिस्टल उसे नन्हू उर्फ रामनाथ यादव ने उपलब्ध कराई थी। इसके बाद पुलिस ने नन्हू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि हथियार उसे तवरेज अंसारी, पिता शरीफ अंसारी, से मिला था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने तवरेज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम ने बसवरिया गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक पिस्टल बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। हालांकि इस मामले का एक अन्य आरोपी उदय गौंड पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस संबंध में चौतरवा थाना कांड संख्या 212/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है। प्रेस वार्ता में एसपी रामानंद कौशल ने स्पष्ट कहा कि अवैध हथियार रखना, उसका सार्वजनिक प्रदर्शन करना और सोशल मीडिया पर फोटो या वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने का प्रयास करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील भी की। छापेमारी दल में एसडीपीओ निहार भूषण, चौतरवा थानाध्यक्ष नीरज कुमार, एसआई रमेश कुमार तथा डीआईयू टीम के अधिकारी एवं जवान शामिल थे।




















