बगहा, संवाददाता। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर बगहा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष शैलेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक में अधिकारियों ने मोहर्रम के दौरान शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पर्व के अवसर पर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी अखाड़ा समितियों एवं आयोजकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए मोहर्रम पर्व को आपसी सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। इस दौरान एसडीपीओ निहार भूषण, सीओ नमर्दा श्रीवास्तव, बीडीओ प्रदीप कुमार, आरओ विकास कुमार, पूर्व एमएलसी भीष्म साहनी मुन्ना सिंह राकेश सिंह, मनोज सिंह, दयाशंकर सिंह, विजय पांडेय, अशोक गुप्ता,लालबाबू यादव, अनिल सिंह, रवि जायसवाल, मो. तैयब आलम, अजय कुमार, आदि सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













