बगहा। नगर परिषद रामनगर में जनसुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उप सभापति प्रतिनिधि सुजल सिंह एवं नगर परिषद के पार्षदों ने जिला पदाधिकारी पश्चिम चंपारण तरनजोत सिंह को आवेदन सौंपकर नरकटियागंज रोड स्थित पूर्व निर्धारित स्थल पर डिलक्स सार्वजनिक शौचालय निर्माण की अनुमति प्रदान करने की मांग की है। इस दौरान पार्षद विजेन्द्र कुमार चौबे, राकेश कुमार अग्रवाल, राकेश सिंह राजपूत, अखिलेश शाह एवं मो. फैयाज भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सार्वजनिक शौचालय का निर्माण होने से आम नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। आवेदन में बताया गया कि नरकटियागंज रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय का निर्माण वर्ष 1990-91 में तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग से अनुमति प्राप्त कर कराया गया था। नगर परिषद रामनगर द्वारा वर्षों तक इस शौचालय का संचालन कर आम लोगों को सुविधा उपलब्ध कराई जाती रही तथा इससे राजस्व की भी प्राप्ति होती रही। समय के साथ भवन जर्जर हो जाने के कारण तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा इसे हटवाया गया था। इसके बाद आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिलक्स सार्वजनिक शौचालय निर्माण की योजना बनाई गई। हालांकि भूमि से जुड़े विवाद और विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण यह परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। बाद में न्यायालय ने भी संबंधित मामले में सरकार के पक्ष में निर्णय दिया, जिसके बाद क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। जनप्रतिनिधियों ने जिला पदाधिकारी को अवगत कराया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद आज तक डिलक्स शौचालय का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे स्थानीय लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आग्रह किया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निर्माण कार्य की अनुमति जल्द प्रदान की जाए। इसके साथ ही मानव सेवा संगठन के प्रयासों से हरिनगर चीनी मिल द्वारा सरकारी अस्पताल रामनगर को उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस, जो वर्तमान में बंद पड़ी है, उसे पुनः चालू कर जनसेवा में लगाने की भी मांग की गई। उपसभापति प्रतिनिधि सुजल सिंह ने कहा कि एम्बुलेंस के संचालन से क्षेत्र के मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। जनप्रतिनिधियों की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा है और उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर रामनगर की जनसुविधाओं को नई पहचान देगा।















