बगहा। बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं। इसे एक बार फिर साबित कर दिखाया है बगहा की बेटी निशा कुमारी ने। 70वीं बीपीएससी की अंतिम चयन सूची में उनका चयन ग्रामीण विकास पदाधिकारी (RDO) के पद पर हुआ है। इस सफलता से उनके परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बगहा नगर परिषद के वार्ड संख्या 28 निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता की पुत्री निशा कुमारी वर्तमान में सीतामढ़ी जिले में दारोगा के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ-साथ कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर तैयारी के बल पर उन्होंने बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार और शहर का गौरव बढ़ाया है।

सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। चार बहनों में दूसरे स्थान पर रहने वाली निशा की उपलब्धि से पूरे परिवार में उत्साह का माहौल है।
निशा की माता ममता देवी ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई के प्रति समर्पित रही है। कठिन परिस्थितियों में भी उसने कभी हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करती रही। उन्होंने कहा कि बेटी की इस सफलता से परिवार का सपना साकार हुआ है और उन्हें उस पर गर्व है।

निशा की इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि निशा की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी तथा उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश देगी।











