पश्चिम चंपारण बगहा से नरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट..
बगहा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी और लूट की कई घटनाओं में शामिल एक संगठित अपराधी गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने डकैती की योजना बनाते समय गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार, कारतूस, लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने बताया कि आज सुबह भैरोगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हराह नदी के किनारे स्थित एक आम के बगीचे में कुछ संदिग्ध लोग एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने बगीचे की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर सभी संदिग्ध भागने लगे, लेकिन जवानों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, एक देशी कट्टा, एक धारदार चाकू, 11,740 रुपये नकद, लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन तथा हाल की लूट की घटनाओं में छीने गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का संचालन तनवीर खान करता था। वह अपने साथियों के साथ सुनसान स्थानों पर बैठकर लूटपाट की योजना बनाता था। पुलिस के अनुसार, लूटे गए सामान को मुराद अली और कुनैन अंसारी के माध्यम से झुंझुनू उर्फ जूना तक पहुंचाया जाता था, जहां उसे बेचकर नकदी हासिल की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपितों में तनवीर खान, गुड्डू अंसारी उर्फ इफ्तेहार, नबी आलम, मुराद अली, कलाम आलम, सरफराज आलम, कुनैन अंसारी, झुंझुनू उर्फ जूना तथा बिट्टू जायसवाल शामिल हैं। इनमें से कुछ आरोपितों पर हत्या, हत्या के प्रयास, गृहभेदन, चोरी और लूट जैसे गंभीर मामलों के कई पुराने मुकदमे दर्ज हैं।
इस संबंध में भैरोगंज थाना में कांड संख्या 92/26 दर्ज कर सभी आरोपितों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। छापेमारी अभियान में एसडीपीओ निहार भूषण, एसडीपीओ रागिनी कुमारी, भैरोगंज थाना पुलिस, डीआईयू टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।











