पश्चिमी चंपारण। बेतिया नगर निगम प्रशासन द्वारा शनिवार को हॉस्पिटल रोड से मित्रा चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर हटाया गया। अभियान के दौरान सांसद डॉ. संजय जायसवाल के आवास के बाहर बनी सीढ़ी को भी प्रशासन ने तोड़ दिया। इसी बीच कुछ अतिक्रमणकारियों ने विरोध करते हुए प्रशासनिक टीम पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में एक महिला पुलिसकर्मी तथा नगर निगम कर्मचारी जूलूम साह घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल गर्म हो गया। सूचना मिलते ही अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम सदर विकास कुमार, सदर एसडीपीओ अजीत कुमार, यातायात डीएसपी अतनु दत्ता, नगर निगम के अधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने अतिरिक्त पुलिस बल के साथ स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के पहुंचने के बाद दोबारा अभियान शुरू किया गया और सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। नगर निगम प्रशासन ने बताया कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। लगातार शिकायत मिलने के बाद अभियान चलाया गया था। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा और हमला किया। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन द्वारा हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।














