इस मौसम में सर्विस लेन पर जल जमाव

बगहा। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 स्थित पारस नगर में एनएच 727 पर जानकी पेट्रोल पंप के सामने जाम नाला स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। सड़क किनारे बने नाले को मिट्टी डालकर भर दिए जाने से गंदे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप पिछले करीब एक वर्ष से सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के निवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले का पानी नहीं निकलने के कारण सड़क पर हमेशा गंदा पानी जमा रहता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को काफी परेशानी होती है। कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं। लगातार जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। निवासियों के अनुसार नगर परिषद की ओर से समय-समय पर टैंकर मंगाकर जमा पानी की निकासी कराई जाती है, लेकिन यह केवल अस्थायी समाधान साबित हो रहा है। कुछ दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। लोगों का कहना है कि जब तक नाले की स्थायी सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की जाएगी, तब तक समस्या का समाधान संभव नहीं है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि एनएच 727 के किनारे बने नाले को दो स्थानों पर मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया है। यदि उन जगहों की सफाई कर नाले को दोबारा चालू कर दिया जाए तो पानी की निकासी आसानी से हो सकती है और सड़क पर जलजमाव की समस्या समाप्त हो जाएगी। लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। नगरवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से अविलंब पहल कर नाले की सफाई कराने तथा स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और भयावह हो सकती है। जलजमाव बढ़ने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित होने के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाएगा। इस मामले में वार्ड पार्षद रविकेश कुमार ने बताया कि समस्या को लेकर नगर परिषद कार्यालय में कई बार आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अनुमंडल पदाधिकारी को भी आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की जाएगी। बताया जाता है कि एनएच 727 पर सड़क के दोनों तरफ पानी निकासी के लिए नालियों का निर्माण कराया गया था, लेकिन उसकी समुचित निकासी व्यवस्था नहीं की गई। अधूरी योजना और रखरखाव के अभाव के कारण नालियां बेकार साबित हो रही हैं। नगर परिषद के कई वार्डों का गंदा पानी भी इसी नाले में छोड़ा जाता है, जिससे सर्विस लेन में आए दिन जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।













