
यूपी सीमा से नहीं थम रही शराब तस्करी, 24 घंटे में 721 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद बगहा पुलिस जिले में उत्तर प्रदेश से शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि पुलिस प्रशासन सीमावर्ती इलाकों में लगातार वाहन जांच और चौकसी का दावा कर रहा है, लेकिन तस्कर नए-नए तरीकों से शराब की खेप बिहार पहुंचाने में जुटे हुए हैं। बीते 24 घंटे के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 721.77 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई नौरंगिया थाना क्षेत्र में की गई, जहां एएलटीएफ टीम और स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नौरंगिया छठ घाट के समीप जंगल मार्ग में घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल सवार युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के अजुआ सुगौली निवासी रामपाल कुमार (20) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान बाइक पर लदे बोरे, डिक्की और बैग से कुल 58.77 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई धनहा थाना पुलिस ने की। गुप्त सूचना पर चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन की तलाशी ली गई। जांच में भुजा (लाई-मुरमुरा) की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 663 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान गोपालगंज निवासी रोहित कुमार और उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी रौशन लाल वर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब में ऑफिसर च्वाइस, मैजिक मोमेंट, बीयर और सिग्नेचर ब्रांड शामिल हैं। वहीं जब्त पिकअप वाहन के कागजात और चेसिस नंबर में भी गड़बड़ी पाई गई है, जिससे वाहन के चोरी का होने की आशंका जताई जा रही है।
लगातार हो रही बरामदगी यह साबित कर रही है कि यूपी-बिहार सीमा शराब तस्करों के लिए अब भी सक्रिय मार्ग बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है तथा पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है।











