सुजुकी ऑल्टो कार जब्त, गुप्त सूचना पर रामनगरी में छापेमारी,देशी-विदेशी शराब बरामद,आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
धनहा।बगहा पुलिस द्वारा शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धनहा थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब बरामद की है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक सुजुकी ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को धनहा थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगरी में शराब तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई पाई गई। जांच के दौरान वाहन से 60 लीटर देशी शराब तथा 25.2 लीटर विदेशी शराब, कुल 85.2 लीटर शराब बरामद की गई।पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बरामद शराब और वाहन को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाने की योजना थी। धनहा पुलिस ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि शराब तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत कांड दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शराबबंदी कानून को सफल बनाने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











