
बगहा पुलिस जिला क्षेत्र में बीती रात चोरों ने कई जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भैरोगंज थाना क्षेत्र के सिरौना गांव और चौतरवा थाना क्षेत्र के पारस नगर में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं दो अन्य घरों में भी चोरी का प्रयास किया गया, हालांकि वहां चोरों को सफलता नहीं मिल सकी। जानकारी के अनुसार भैरोगंज थाना क्षेत्र के सिरौना गांव निवासी दृगनंदन उपाध्याय के घर में चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के गहना, नगदी और कपड़ों की चोरी कर ली। बताया गया कि भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य रात में छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और आराम से चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग नीचे उतरे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे। इसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने दृगनंदन उपाध्याय के पड़ोसी कृष्णानंद उपाध्याय और लक्ष्मण यादव के घरों को भी निशाना बनाने की कोशिश की। चोरों ने खिड़की और दरवाजे तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन किसी आहट के कारण वे सफल नहीं हो सके और वहां से भाग निकले।
उधर चौतरवा थाना क्षेत्र के पारस नगर में भी चोरों ने हरेंद्र यादव और रामकृष्ण यादव के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर वहां से कपड़ा, गहना और नगदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी पीड़ितों ने संबंधित थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्ती नहीं होने के कारण चोरों का मनोबल बढ़ गया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती तेज करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। चौतरवा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि पारस नगर में चोरी की सूचना मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केंवट सिरौना गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल चोरों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













