अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बगहा परिसर में भव्य एवं प्रेरणादायक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक कमांडेंट मनोज कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बगहा विधायक राम सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उप कमांडेंट पंकज शर्मा, वाहिनी के जवानों, संदीक्षा सदस्यों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "Yoga for Healthy Ageing" रही। इस अवसर पर कार्यवाहक कमांडेंट मनोज कुमार ने कहा कि योग प्रत्येक आयु वर्ग के लिए स्वास्थ्य, संतुलन और सक्रियता का आधार है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित कर सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और अनुशासन प्रदान करता है।
मुख्य अतिथि विधायक राम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से शांत और आत्मिक रूप से समृद्ध बनाता है।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। वक्ताओं ने कहा कि योग दिवस का यह आयोजन केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन की दिशा में सामूहिक प्रयास का प्रतीक है।
65वीं वाहिनी एसएसबी, बेतिया द्वारा समय-समय पर जनजागरूकता एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जो बल के मूलमंत्र "सेवा, सुरक्षा एवं बंधुत्व" को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करते हैं।











