मानवीय सरोकारों के प्रति समर्पण को मिला सम्मान, युवाओं को समाजसेवा के लिए किया प्रेरित


बगहा।समाजसेवा एवं मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली बगहा की सामाजिक संस्था ‘पुअर हेल्पिंग हैंड’ के आठ सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान पं. चन्द्रशेखर धर शुक्ल साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थान द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के पदाधिकारियों ने सम्मानित सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने वाले युवाओं का सम्मान न केवल उनके मनोबल को बढ़ाता है, बल्कि अन्य लोगों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करता है।
संस्था के सचिव देवीदत्त मालवीय ने बताया कि ‘पुअर हेल्पिंग हैंड’ के सदस्य निरंतर जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना तथा युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करना है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रणणेंदु सत्यार्थी ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए समर्पित एवं संवेदनशील युवाओं को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सम्मानित सदस्यों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
सम्मान प्राप्त करने वालों में विकाश कुमार, आदर्श तिवारी, नजरे आलम, श्रीराम कुमार, विशाल कुमार, सन्नी कुमार, राजकुमार एवं सूरज कुमार शामिल हैं। सभी सम्मानित सदस्यों ने इस सम्मान को अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन हेतु नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करने वाला बताया।
इस अवसर पर मिथिलेश उपाध्याय, केशव कुमार, कुलदीप कुमार, रूपेश कुमार पाठक, प्रत्यूष सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने ‘पुअर हेल्पिंग हैंड’ की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा समाजहित में उनके प्रयासों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने सामाजिक सेवा को मानवता का सर्वोच्च धर्म बताते हुए युवाओं से समाज कल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।











