पश्चिमी चंपारण। जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में पंजाब नेशनल बैंक के समीप स्थित एक बाइक पार्ट्स की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के स्पेयर पार्ट्स की चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही मझौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मझौलिया गांव के वार्ड संख्या-1 निवासी भीम बली ठाकुर की बाइक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में बुधवार की रात चोरी की वारदात हुई। चोरों ने दुकान की दीवार में दो जगह सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे महंगे बाइक पार्ट्स लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब दुकान संचालक दुकान पर पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ।

दुकानदार भीम ठाकुर ने बताया कि वह किसी निजी कार्य से गोरखपुर गए हुए थे। सुबह लौटकर जब दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान की दीवार टूटी हुई है और अंदर रखे कई कीमती सामान गायब हैं। उन्होंने बताया कि दुकान की सुरक्षा के लिए निजी रात्रि प्रहरी की व्यवस्था भी की गई थी, इसके बावजूद चोरों ने बेहद बेखौफ अंदाज में चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए बाइक स्पेयर पार्ट्स की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। चोरी की घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि दुकान में रखे कई जरूरी और महंगे पार्ट्स चोर उठा ले गए हैं, जिससे व्यवसाय पर भी असर पड़ने की आशंका है। घटना को लेकर स्थानीय व्यवसायियों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिससे व्यापारियों के बीच असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
इस मामले को और भी गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि जिस रात चोरी हुई, उसी रात बखरिया पैक्स चुनाव की मतगणना देर रात तक चल रही थी। मतगणना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों तथा आम लोगों की भारी आवाजाही बनी हुई थी। इसके बावजूद चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए वारदात को अंजाम दे दिया। इससे स्थानीय लोगों के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। घटना के बाद पीड़ित भीम ठाकुर ने मझौलिया थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।

मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का दावा है कि मामले के खुलासे के लिए जांच तेज कर दी गई है। अब स्थानीय लोगों और व्यवसायियों की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस कब तक चोरों का सुराग लगाकर चोरी गए सामान की बरामदगी कर पाती है।













