परिजनोने लोगो से किया अपील

बगहा। नगर थाना क्षेत्र के रत्नमाला मोहल्ले से 13 वर्षीय एक बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। काफी खोजबीन के बावजूद अब तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार लापता बालक की पहचान रत्नमाला निवासी हफिजुल्ला गद्दी के 13 वर्षीय पुत्र लल्लू गद्दी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते 14 मई को लल्लू अचानक घर से निकला था। परिजनों के अनुसार उसे आखिरी बार बगहा बस स्टैंड के आसपास देखा गया था, जिसके बाद वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। देर शाम तक जब बालक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों के यहां तथा संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिवार वालों ने बताया कि लल्लू मानसिक रूप से थोड़ा विचलित रहता था, जिसके कारण उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। कई दिनों तक लगातार खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो पिता हफिजुल्ला गद्दी ने 17 मई को बगहा नगर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर पुत्र की बरामदगी की गुहार लगाई। मामले की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है तथा बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि बालक की तलाश हर संभव स्तर पर की जा रही है।
इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस लगातार मामले की जांच और खोजबीन में जुटी हुई है। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लापता बालक के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिले तो तत्काल बगहा नगर थाना को सूचना दें, ताकि बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिलाया जा सके। इधर घटना के बाद मोहल्ले में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग और परिजन जल्द से जल्द बालक की सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं।













