सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील, लाइसेंसधारियों को आवेदन जमा करने का निर्देश
पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि पर्व में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।


चौतरवा।मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को चौतरवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने की। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।बैठक को संबोधित करते हुए अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि मुहर्रम पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाएं। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के पास लाइसेंस है, वे अविलंब थाना में आवेदन जमा कर दें, ताकि प्रशासनिक प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।उन्होंने कहा कि जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की भी अपील की गई। प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संजय कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से आपसी समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। वही ए एसआई गौतम कुमार ने कहा कि मुहर्रम पर्व में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।बैठक में एसआई शंभू साह, एएसआई विजय शंकर उपाध्याय, एएसआई विकास कुमार, एएसआई गौतम कुमार सहित पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।वहीं पूर्व मुखिया शमशाद आलम, सरपंच मो. शरीफ, अब्दुल्लाह साह, पूर्व मुखिया धनंजय यादव, मोहम्मद इमरान, अमजद अली, अशोक राव, उपसरपंच पति रामजतन यादव, सरपंच प्रतिनिधि जगरनाथ यादव, राजू उपाध्याय सहित विभिन्न समुदायों के दर्जनों लोग बैठक में मौजूद रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।















