सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर पूर्व प्रत्याशी जय सिंह ने उठाई आवाज

बगहा।पश्चिमी चंपारण के रामनगर दोन क्षेत्र के 22 गांवों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली तथा मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास की मांग को लेकर बगहा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जय सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा ज्ञापन। ज्ञापन में क्षेत्र की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।ज्ञापन के अनुसार दोन क्षेत्र के लगभग 22 गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। क्षेत्र के हजारों ग्रामीण कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करने को विवश हैं। बरसात के मौसम में कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट जाता है, जिससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों का कहना है कि दोन क्षेत्र में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित विद्युत आपूर्ति तथा मोबाइल नेटवर्क की कमजोर व्यवस्था के कारण विकास की गति प्रभावित हो रही है। इससे ग्रामीणों को दैनिक जीवन के साथ-साथ रोजगार, शिक्षा और संचार संबंधी कार्यों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि संबंधित 22 गांवों का विशेष सर्वेक्षण कराकर सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, विद्युत आपूर्ति एवं मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाओं के विकास के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए और प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन सौंपे जाने के 15 दिनों के भीतर कोई ठोस एवं सकारात्मक पहल नहीं की जाती है तो क्षेत्र के नागरिक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।यह ज्ञापन दियारा क्षेत्र के 22 गांवों के लोगों और समाजसेवी जय सिंह के सामूहिक समर्थन से तैयार किया गया है। जयेश मंगलम सिंह उर्फ जय सिंह ने कहा कि दोन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार का तत्काल ध्यान आकर्षित करना आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके। अगर 15 दिन के अंदर नहीं हुआ तो जन आंदोलन होगा











