बगहा। पुलिस जिला बगहा में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल के निर्देशानुसार गुरुवार देर शाम विभिन्न थाना क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन के माध्यम से विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखना तथा पुलिस कार्रवाई को अधिक सशक्त और पारदर्शी बनाना है। पुलिस प्रशासन के अनुसार अब ड्रोन तकनीक का उपयोग संवेदनशील इलाकों की निगरानी, अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण, छापेमारी अभियान और अन्य विशेष पुलिस कार्रवाइयों में किया जाएगा। ड्रोन के जरिए ऐसे क्षेत्रों पर भी आसानी से नजर रखी जा सकेगी, जहां सामान्य परिस्थितियों में पुलिस की पहुंच या निगरानी चुनौतीपूर्ण होती है। इससे पुलिस को रियल टाइम सूचना प्राप्त होगी और आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जा सकेगी।

विशेष रूप से भीड़-भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, संवेदनशील गांवों और दुर्गम क्षेत्रों में ड्रोन निगरानी काफी कारगर साबित होगी। ड्रोन से प्राप्त तस्वीरों और वीडियो फुटेज के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने में आसानी होगी, जिससे अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति या कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौती का त्वरित आकलन कर समय रहते कार्रवाई संभव होगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था से पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार आएगा और अपराधियों के बीच कानून का भय भी बढ़ेगा। ड्रोन के माध्यम से निगरानी किए जाने से पुलिस कार्रवाई की पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी तथा आम लोगों का भरोसा कानून-व्यवस्था व्यवस्था पर और मजबूत होगा। बगहा पुलिस जिला लगातार आधुनिक संसाधनों और तकनीकी नवाचारों को अपनाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में ड्रोन निगरानी व्यवस्था को एक प्रभावी कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों में इस तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा, जिससे अपराध पर अंकुश लगाने और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बगहा पुलिस आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीकों के समुचित उपयोग से पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि जनता को सुरक्षित एवं भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराया जा सके।











