
पश्चिमी चंपारण। पुलिस को अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान 132.65 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक महिंद्रा बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया, जबकि वाहन पर सवार दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार की रात DIU प्रभारी मद्य निषेध राजेश कुमार एवं गोपालपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार को गुप्त सूचना मिली कि नेपाल की ओर से गांजा की बड़ी खेप एक बोलेरो वाहन से बेतिया की तरफ लाई जा रही है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद उनके निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने बेतिया-मैनाटांड़ मुख्य सड़क पर गोपालपुर थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही सिल्वर रंग की महिंद्रा बोलेरो, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR 22P 1657 था, को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही वाहन पर सवार दो व्यक्ति मौके से भाग निकले।
इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान बोलेरो के अंदर रखे कुल 17 पैकेटों से 132.65 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजा की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा सहित बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है।
इस संबंध में गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। फरार तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। छापेमारी दल में DIU प्रभारी मद्य निषेध राजेश कुमार, गोपालपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार, पु.अ.नि. सुरेश यादव, गोपालपुर थाना रिजर्व गार्ड तथा DIU मद्य निषेध टीम के जवान शामिल थे।
पश्चिमी चंपारण पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













