बगहा। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए विशेष कुर्की-जप्ती अभियान से अपराधियों में हड़कंप मच गया। रामानंद कुमार कौशल के नेतृत्व में बगहा पुलिस जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर फरार अभियुक्तों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 23 कुर्की-जप्ती मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया। लगातार बढ़ती पुलिस दबिश और सख्त कार्रवाई के कारण लंबे समय से फरार चल रहे 18 अभियुक्तों ने कानून के आगे आत्मसमर्पण कर दिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल रवाना कर दिया गया।अभियान के दौरान सबसे चर्चित कार्रवाई पटखौली थाना क्षेत्र के बगहा-दो वार्ड संख्या-5 में देखने को मिली। यहां बिजली चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्यारेलाल साह के घर पुलिस कुर्की की कार्रवाई करने पहुंची। न्यायालय के आदेश पर पूर्व में आरोपी के घर इस्तेहार चस्पा किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार फरार था। पुलिस निरीक्षक संजय कुमार पाठक और थानाध्यक्ष उत्पल कांत, एसआई दिलीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर से फर्नीचर और अन्य सामान बाहर निकालकर सूचीबद्ध करना शुरू किया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आरोपी प्यारेलाल साह मौके पर पहुंच गया और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। समय रहते सरेंडर करने के कारण उसकी संपत्ति कुर्क होने से बच गई। एसपी रामानंद कुमार कौशल ने कहा कि अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल देखा जा रहा है।















