
बगहा। भाजपा विधायक राम सिंह ने रविवार को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। विधायक ने अस्पताल प्रशासन से कहा कि मरीजों को समय पर इलाज, आवश्यक दवाएं और अन्य सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान विधायक की मुलाकात पोखरभिंडा निवासी वासुदेव सहनी के घायल पुत्र से हुई, जिस पर हाल ही में मगरमच्छ ने हमला कर दिया था। बच्चे की स्थिति की जानकारी लेते हुए विधायक ने चिकित्सकों से बातचीत की और उसके समुचित एवं बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन बच्चे के इलाज में पूरी गंभीरता बरते तथा किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाए। विधायक ने घायल बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। इस दौरान विधायक राम सिंह ने वन विभाग के अधिकारियों से भी बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों से मगरमच्छ हमले से प्रभावित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि एवं मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। विधायक ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ मामले में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। अस्पताल निरीक्षण के दौरान विधायक ने अनुमंडलीय अस्पताल के नए भवन निर्माण कार्य को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। भवन निर्माण पूरा होने के बाद बगहा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा मरीजों को आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके बाद विधायक राम सिंह बगहा स्थित एएनएम कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने प्राचार्य शिरीष कुमार वर्मा से मुलाकात कर छात्राओं एवं जीविका दीदियों के बीच हुए विवाद की जानकारी ली। विधायक ने पूरे मामले को गंभीरता से समझते हुए सभी संबंधित पक्षों से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचने की आवश्यकता है और कॉलेज परिसर में अनुशासन, आपसी सम्मान एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। विधायक ने कहा कि मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से कॉलेज में जीविका दीदियों द्वारा भोजन व्यवस्था संचालित की जा रही है, ताकि महिलाओं को रोजगार और सम्मानजनक आजीविका का अवसर मिल सके। उन्होंने सभी लोगों से महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने में सहयोग करने की अपील की।















