बगहा। पुलिस जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई अलग-अलग घटनाओं में एक मासूम बच्ची, एक किशोरी और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद संबंधित गांवों में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।


गोबरहिया दोन थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचायत राज नौरंगिया के कमरछिनवा दोन गांव में नाली में गिरने से तीन वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान प्रमोद महतो की पुत्री मालवी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मालवी गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान खेलते समय उसका पैर फिसल गया और वह पानी से भरी नाली में जा गिरी। काफी देर तक बच्ची नाली में बेहोश पड़ी रही। साथ में खेल रहे बच्चों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। आनन-फानन में परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलने पर एसएसबी 65वीं वाहिनी के जवान गौरव शर्मा और धर्मेंद्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। दोनों जवानों ने एम्बुलेंस की सहायता से बच्ची को इलाज के लिए हरनाटांड़ अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। उबड़-खाबड़ और जंगल वाले रास्ते के बावजूद जवानों ने तत्परता दिखाई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची की हालत बिगड़ गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने इलाके में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं, भैरोगंज थाना क्षेत्र के नारा परसौनी गांव में 14 वर्षीय किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृत किशोरी की पहचान प्ररिधी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के समय उसकी मां घर में ही मौजूद थीं। जब वह घर के अंदर पहुंचीं तो बेटी का शव फंदे से लटका देख चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर भैरोगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस संबंध में भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इधर, चिउठाहा थाना क्षेत्र के बेलहवा गांव में देर रात आई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा के कारण एक विशाल पेड़ घर पर गिर पड़ा, जिससे घर में मौजूद प्रभावित देवी नामक बुजुर्ग महिला की दबकर मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि घटना के समय मृतका की बेटी और दामाद भी घर में मौजूद थे। खतरे को भांपते हुए दोनों बेड के नीचे छिप गए, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन प्रभावित देवी पेड़ की चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही चिउठाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आंधी-पानी से क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। कई घरों के छप्पर उड़ गए, जबकि बिजली के कई पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इसके कारण करीब 12 घंटे तक इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित रही।














