
बगहा। नगर थाना क्षेत्र के एनएच-727 बगहा-बेतिया मुख्य मार्ग स्थित रत्नमाला धोबीघाट तालाब में रविवार की सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह तालाब में शव तैरता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मामले की सूचना तत्काल नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला के शव को तालाब से बाहर निकलवाया और उसे अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मृत महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। महिला की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों सहित अन्य संभावित स्थानों से भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ निहार भूषण भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और मामले की विस्तृत जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर बिंदु पर जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला विवाहित प्रतीत हो रही थी। उसके हाथों में चूड़ियां थीं तथा पैरों में महावर लगा हुआ था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पहचान और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। नगर थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृत महिला के संबंध में कोई जानकारी हो या उसकी पहचान के बारे में जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। इधर, तालाब में महिला का शव मिलने की घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

















