बगहा अनुमंडल के सात प्रखंडों में ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर 639 शिक्षकों की अनुपस्थिति दर्ज होने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है.
विभागीय आंकड़ों के अनुसार बगहा-1 में 177, बगहा-2 में 171, ठकराहा में 25, मधुबनी में 70, रामनगर में 110, भितहा में 59 और पिपरासी में 27 शिक्षक पोर्टल पर अनुपस्थित दर्ज किए गए हैं। इसके बाद सभी संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है.
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) गाग्री कुमारी ने कहा है कि विद्यालय यह स्पष्ट करें कि शिक्षक अनुपस्थित क्यों दिखे और उपस्थिति दर्ज नहीं होने की वास्तविक वजह क्या रही.
जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को बड़ी संख्या में शिक्षकों की उपस्थिति ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज नहीं हो सकी थी। इसके बाद कई विद्यालयों में भ्रम की स्थिति बन गई है। प्रधानाध्यापकों का कहना है कि सूची में कुछ ऐसे नाम भी शामिल हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जबकि कुछ शिक्षक विभागीय अवकाश पर हैं। कई मामलों में तकनीकी गड़बड़ी की भी बात सामने आई है.
फिलहाल विद्यालयों में रिकॉर्ड मिलान का काम जारी है। प्रखंड शिक्षा कार्यालय भी विद्यालयवार रिपोर्ट तैयार कर रहा है। बगहा-2 के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी फूदन राम ने बताया कि विद्यालयों से जवाब मिलना शुरू हो गया है और जांच के बाद वास्तविक रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी.














