रामनगर। बगहा पुलिस जिला के रामनगर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना की सूचना को गंभीरता से नहीं लेने और वरीय अधिकारियों को समय पर अवगत नहीं कराने के मामले में पुलिस प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल के निर्देश पर जांच के बाद रामनगर थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष एवं एक गश्ती पदाधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन लूटे जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा निहार भूषण से तत्काल जांच कराई गई।
जांच में सामने आया कि 15 जून की रात भैरोगंज थाना क्षेत्र के बॉसगांव परसौनी निवासी सतीश चंद्र पांडेय के साथ अज्ञात अपराधियों ने मारपीट कर 20 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित ने घटना की जानकारी रामनगर थाना को दी थी, लेकिन थाना स्तर पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि रामनगर थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक दीपक कुमार तथा गश्ती पदाधिकारी पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार राय ने घटना की सूचना समय पर वरीय अधिकारियों तक नहीं पहुंचाई। साथ ही प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू करने की प्रक्रिया भी नहीं अपनाई गई।
पुलिस प्रशासन ने इसे घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह की कार्यशैली से पुलिस की छवि प्रभावित होती है और आम जनता का भरोसा कमजोर पड़ता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक हरि किशोर राय की स्वीकृति के बाद दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














