योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण का आह्वान

वाल्मिकीनगर।12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को वाल्मीकिनगर कन्वेंशन सेंटर में आयुष मंत्रालय के तत्वावधान तथा MY Bharat के सहयोग से भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रबुद्धजनों एवं युवाओं ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विधायक राम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आचिंत्य कुमार लल्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने विश्व पटल पर भारतीय ज्ञान परंपरा को नई पहचान प्रदान की है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन एवं आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने वाली एक समग्र जीवन पद्धति है। इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, सकारात्मक, अनुशासित एवं ऊर्जावान जीवन व्यतीत कर सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से आज योग को वैश्विक स्तर पर व्यापक स्वीकृति प्राप्त हुई है और विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। योग मानवता को स्वस्थ जीवन का संदेश देने के साथ-साथ मानसिक तनाव एवं विभिन्न रोगों से मुक्ति का प्रभावी माध्यम भी है।
केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाएं तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होते हैं। योग के माध्यम से स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित संदेशों का प्रसार किया गया तथा सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।















