बगहा। प्रखंड बगहा एक अंतर्गत विभिन्न हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) का प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश सिंह नीरज ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े हो गए। निरीक्षण के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने लापरवाह स्वास्थ्यकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश सिंह नीरज ने बताया कि एचडब्ल्यूसी प्रतापपुर के निरीक्षण के दौरान केंद्र में ताला बंद पाया गया। स्वास्थ्य केंद्र पर न तो सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) मौजूद थे और न ही एएनएम उपस्थित मिलीं। केंद्र बंद रहने के कारण इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितता की शिकायत की। इसके बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने एचडब्ल्यूसी हरदीनदवा का निरीक्षण किया। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित मिले, लेकिन दोनों एएनएम ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गईं। निरीक्षण के दौरान मरीजों के पंजीकरण, दवा वितरण तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। कई आवश्यक अभिलेखों के संधारण में भी कमी पाई गई, जिस पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने नाराजगी जताई। डॉ. राजेश सिंह नीरज ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों तथा स्वास्थ्य केंद्र बंद रखने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि वे समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में यहां तैनात कर्मियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। मरीजों को समय पर इलाज और दवा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि आगे भी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।















