बगहा। शहर स्थित नेशनल होमियो हेल्थ केयर की ओर से रविवार को एक नि:शुल्क होमियोपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया। पूरे दिन चले इस शिविर में कुल 165 मरीजों का उपचार किया गया। शिविर को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला तथा दूर-दराज के इलाकों से भी मरीज इलाज कराने पहुंचे। शिविर में सर्दी, खांसी, बुखार, एलर्जी, जोड़ों का दर्द, पेट संबंधी रोग, त्वचा रोग एवं अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को बीमारी से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी। डॉक्टरों ने कहा कि समय पर इलाज और नियमित दिनचर्या से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। शिविर का नेतृत्व कर रहे डॉ. यूसुफ रहमान ने बताया कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के चिकित्सा शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि होमियोपैथी पद्धति से कई जटिल एवं पुरानी बीमारियों का भी सफल इलाज संभव है। मरीजों को उचित परामर्श के साथ निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर डॉ. यासमीन रहमान, डॉ. आलिया रहमान एवं सहयोगी धीरज शर्मा, करण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में पहुंचे मरीजों ने मुफ्त जांच और दवा वितरण की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रहे हैं।















