
पश्चिमी चंपारण। पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने शुक्रवार को रामनगर थाना का औचक निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था और थाना संचालन व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, महिला हेल्प डेस्क, हेल्थ इंडेक्स, हाजत, सीरिस्ता तथा अभिलेखों के संधारण की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। आमजनों से बेहतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। आगामी बकरीद पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। एसपी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से भी शांति एवं आपसी सहयोग के साथ त्योहार मनाने की अपील की। निरीक्षण के दौरान थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।















