कुल 15.44 लाख की योजना से बनने वाले आकर्षक प्रवेश द्वार के साथ सुविधा सम्पन्न स्नानागार के निर्माण की निविदा जारी

बेतिया। संतघाट-मुक्तिधाम के प्रवेश द्वार पर सृष्टिकर्ता भगवान विष्णु एवं मुक्तिदाता महादेव शिव की भव्य प्रतिमा लगेगी। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि "मुक्ति-धाम" के भव्य प्रवेश द्वार व स्नानागार निर्माण हेतु निविदा जारी कर दी गई है. महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि बेतिया नगर निगम क्षेत्र के संत घाट मुक्तिधाम के समग्र विकास की दिशा में नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के तहत संत घाट मुक्तिधाम में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक सुसज्जित मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा, जो धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक बनेगा।नगर प्रशासन द्वारा जारी निविदा के अनुसार प्रवेश द्वार के दोनों ओर सृष्टिकर्ता भगवान विष्णु एवं मुक्तिदाता भगवान महादेव शिव की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जिससे मुक्तिधाम की गरिमा और आध्यात्मिक वातावरण को नया आयाम मिलेगा। इसके साथ ही मुक्तिधाम परिसर में श्रद्धालुओं और अंतिम संस्कार में शामिल लोगों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित स्नानागार का भी निर्माण कराया जाएगा। महापौर ने यह भी बताया कि नगर निगम बोर्ड से स्वीकृत इस योजना की प्राक्कलित लागत 15 लाख 44 हजार 279 रुपये निर्धारित की गई है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने इसे नगर के धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि कार्य को तीन माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित द्वारा जारी निविदा के आधार पर महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि निविदा प्रपत्र डाउनलोड करने की तिथि 7 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक निर्धारित की गई है, जबकि टेंडर बिड खोलने और कार्य आवंटन की प्रक्रिया 28 जुलाई 2026 को संपन्न होगी। इस योजना के पूर्ण होने से संत घाट मुक्तिधाम का स्वरूप आधुनिक, व्यवस्थित और अधिक सुविधा सम्पन्न बन जाएगा।















