
बगहा। पुलिस जिला अंतर्गत नदी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध किसान की मौत हो गई। घटना धनहा-रतवल मुख्य मार्ग पर नैनहा ढाला के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 71 वर्षीय किसान को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के खैरटवा गांव निवासी बलीराज यादव के रूप में की गई है। चखनी रजवतीया पंचायत के मुखिया रविरंजन यादव उर्फ लालबाबू यादव एवं सिंघाड़ी पिपरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि दीपक मिश्रा ने बताया कि बलीराज यादव रविवार की शाम बैल खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नैनहा ढाला के समीप तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। दोनों जनप्रतिनिधियों ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए घायल किसान को सड़क से उठाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल किसान को इलाज के लिए पतीलार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुखिया रविरंजन यादव उर्फ लालबाबू यादव ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही तेज रफ्तार वाहनों की वजह से सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। प्रशासन को इस दिशा में सख्त कदम उठाने की जरूरत है। वहीं मुखिया प्रतिनिधि दीपक मिश्रा ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। गरीब किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और प्रशासन को पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध करानी चाहिए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र धीरेन्द्र यादव ने बताया कि उनके पिता खेती-बारी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब चार वर्ष पूर्व उनके भाई का भी सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। अब फिर सड़क हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। दुर्घटना के बाद खरीदे गए बैल भी गायब हो गए थे, जिन्हें सोमवार सुबह नैनहा गांव में एक व्यक्ति के घर से बरामद किया गया। इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान में जुट गई है।















