
बगहा। नगर परिषद क्षेत्र के नवकी बाजार रोड में हाल ही में पूरा हुए सड़क ढलाई कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता तथा जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई है, जिसके कारण हल्की बारिश में ही सड़क पर पानी जमा होने लगा है। स्थानीय दुकानदार चंदन कुमार, मुन्ना खां और मनीष कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान उचित ढलाव नहीं दिया गया। उनका कहना है कि जिस दिशा में नाला बनाया गया है, उस ओर पर्याप्त ढाल नहीं होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। दूसरी ओर अधिक ढलाव होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं कराया गया तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है। स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि नगर क्षेत्र में कई निर्माण कार्य बिना उचित योजना और गुणवत्ता जांच के कराए जा रहे हैं। कई जगहों पर ऐसी नालियां बनाई गई हैं, जिनसे पानी की निकासी ही नहीं हो पाती। नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद में अभियंताओं और तकनीकी कर्मचारियों की कमी नहीं है, इसके बावजूद निर्माण कार्यों की सही निगरानी नहीं की जाती। आरोप है कि ठेकेदार मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं और गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं हो रहा है। सड़क पर जलजमाव की शिकायत मिलने के बाद नगर परिषद प्रशासन भी सक्रिय हुआ। सभापति प्रतिनिधि पप्पू गुप्ता, एसडीओ, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मोहन साहु तथा अजय राउत मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं और सड़क निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने अधिकारियों को बताया कि सड़क निर्माण के समय यदि सही तकनीकी मापदंडों का पालन किया जाता तो आज जलजमाव जैसी समस्या उत्पन्न नहीं होती। लोगों ने मांग की कि सड़क और नाला निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां कहीं भी तकनीकी खामी पाई जाएगी, वहां आवश्यक सुधार कराया जाएगा। वहीं सभापति प्रतिनिधि पप्पू गुप्ता ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।














