
बगहा। एक प्रखंड अंतर्गत छोटकी पट्टी बड़गांव पंचायत के वार्ड संख्या 12 में पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य पूरा होने के करीब एक वर्ष बाद ही नाली की स्लैब जगह-जगह टूटने लगी है। हालत यह हो गई है कि सड़क किनारे बनी नाली अब ग्रामीणों के लिए खतरा बन चुकी है। आए दिन राहगीर, बच्चे और बुजुर्ग इसमें गिरकर घायल हो रहे हैं। मंगलवार को इस समस्या को लेकर गांव की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और विरोध प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर कराए गए निर्माण कार्य में गुणवत्ता की पूरी तरह अनदेखी की गई है। महिलाओं का कहना था कि निर्माण कार्य मुखिया प्रतिनिधि मनमोहन तिवारी की देखरेख में कराया गया, लेकिन कार्य में मानकों का पालन नहीं किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि नाला निर्माण स्थल पर अब तक कोई शिलापट्ट नहीं लगाया गया है, जिससे योजना की लागत, संवेदक और कार्य एजेंसी की जानकारी लोगों को नहीं मिल पा रही है। इससे ग्रामीणों में और भी नाराजगी है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि निर्माण के कुछ ही दिनों बाद स्लैब टूटने लगी थी, जिसकी शिकायत कई बार पंचायत प्रतिनिधियों से की गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में आवेदन लेकर प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय रहते टूटे स्लैब की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मामले की लिखित शिकायत जिलाधिकारी, एसडीएम और बीडीओ को देकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की जाएगी। विरोध प्रदर्शन में रम्भा देवी, जोहरा खातून, अख्तरी नेशा, कमलावती देवी, ललिता देवी, सविता देवी, चिंता देवी समेत कई महिलाएं शामिल रहीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है।















