वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार ने मंगलवार को पटना में स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि से मुलाकात कर सेमरा रेफरल अस्पताल की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने अस्पताल को सुचारू रूप से संचालित करने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
दो साल बाद भी नहीं मिल रही अपेक्षित स्वास्थ्य सेवाएं
सांसद ने बताया कि बगहा-2 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले सेमरा रेफरल अस्पताल का उद्घाटन हुए लगभग दो वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक अस्पताल पूरी तरह कार्यशील नहीं हो सका है। वर्तमान में यहां केवल एक आयुष चिकित्सक की नियुक्ति है, जिसके कारण मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है।
आदिवासी क्षेत्र के लोगों को हो रही परेशानी
उन्होंने कहा कि सेमरा और आसपास का इलाका थारू एवं उरांव आदिवासी बहुल क्षेत्र है। यहां के लोगों के लिए यह अस्पताल सबसे निकट का स्वास्थ्य केंद्र है, जबकि बगहा अनुमंडल अस्पताल 25 से 30 किलोमीटर दूर स्थित है। ऐसे में गंभीर मरीजों और जरूरतमंद लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की मांग
सांसद ने अस्पताल में चार चिकित्सक, छह जीएनएम, छह एएनएम, लैब टेक्निशियन, एक्स-रे टेक्निशियन, डाटा ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड, एम्बुलेंस और सफाईकर्मियों समेत अन्य आवश्यक कर्मियों की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने कहा कि इन पदों पर बहाली होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
बगहा अनुमंडल अस्पताल निर्माण में तेजी लाने का आग्रह
मुलाकात के दौरान सांसद ने बगहा अनुमंडल अस्पताल के भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने का भी आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य विभाग सुदूरवर्ती आदिवासी क्षेत्र के लोगों की जरूरतों को देखते हुए आवश्यक कदम उठाएगा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करेगा।













